Friday, December 28, 2018

PAK हैंडलर के संपर्क में था मुफ्ती सोहैल, सीखता था बम बनाने का तरीका

National Investigation Agency (एनआईए) की ओर से पकड़े गए आईएसआईएस मॉड्यूल का कर्ताधर्ता मुफ्ती सोहैल विदेशी हैंडलर के संपर्क में था. वह टेलीग्राम और ट्रेमा जैसे ऐप्स के जरिए उनके संपर्क में था. यह विदेशी हैंडलर ही उसे विस्फोटक बनाने के तरीके बताता था. सोहैल के अलावा अनस युनूस, मोहम्मद इरशाद और साकिब इफ्तखार जैसे फिदायिन देश में बड़ा आतंकी हमला करने की फिराक में थे. उनकी योजना राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) मुख्यालय समेत कई अहम जगहों पर आतंकी वारदात को अंजाम देने की थी.

मुफ्ती सोहैल पाकिस्तानी हैंडलर अबु हुजैफा अल बाकीस्तानी के संपर्क में था. अबु हुजैफा से निर्देश के लिए सोहैल टेलीग्राम और ट्रेमा का इस्तेमाल करता था. अबु हुजैफा की ओर से ही उसे हर तरह के निर्देश और विस्फोटक बनाने की जानकारी दी जाती थी. सोहैल की इंटरनेट सर्च हिस्ट्री में भी ऐसे कई लिंक मिले हैं. एनआईए की ओर से हिरासत में लिए गए लोगों को गुरुवार को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया. कोर्ट ने 6 आरोपियों को 12 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया. हालांकि, इस दौरान इन सभी को 5 मिनट के लिए अपने परिजनों से मिलने दिया गया.

पकड़ा गया मास्टरमाइंड

सुरक्षा एजेंसियों ने आईएसआईएस पर आधारित ‘हरकत उल हर्ब ए इस्लाम’ का भांडा फोड़ा और उत्तर प्रदेश के अमरोहा से मस्जिद के एक मौलवी और थर्ड ईयर सिविल इंजीनियर को पकड़ा जिसे इसका मास्टरमांइड माना जा रहा है. इस मॉड्यूल का मास्टरमाइंड 29 वर्षीय इंजीनियर मुफ्ती मोहम्मद सुहैल है.  और इसी ने ही अपने सहयोगियों के लिए पैसा इकट्ठा किया, हथियार खरीदे और बम बनाने की सामग्री भी खरीदे. ये सभी फिदायीन हमले की तैयारी में थे.

दिल्ली में पकड़े गए जुबैर और जैद मलिक ने हथियार खरीदने के लिए अपनी मां के गहने तक बेच डाले. इस ग्रुप के कर्ताधर्ता सोहैल लखनऊ की 35 साल की एक महिला के साथ संपर्क में था जिसने सोने के खरीदार की व्यवस्था भी की. एनआईए सूत्रों के अनुसार, महिला आतंकी साजिश और टेरर मॉड्यूल बनाने को लेकर पहले से ही उनके रडार पर थी.

सुतली बम पर सफाई

सुतली बम विवाद पर एनआईए से जुड़े सूत्रों को कहना है कि 2016 में ISIS के हैदराबाद मॉड्यूल द्वारा जूट से बने सुतली बम का इस्तेमाल किया गया था. गन पाउडर को पोटेशियम नाइट्रेट (kno3), पोटेशियम क्लोरेट+सल्फर+चारकोल या एल्यूमीनियम पाउडर के मिश्रण से बड़ी मात्रा में बम में बरामद किया गया था.

दिल्ली में जाफराबाद में अनस यूनुस के अहाते के पास से ट्रैक्टर से जुड़े कई पाइप बरामद किए गए हैं. साथ ही देशी रॉकेट लॉन्चर, सैकड़ों टी और मुड़े हुए पाइप बरामद किए गए हैं.

एनआईए की ओर से पकड़े गए 10 आरोपियों के पास से हथियारों के साथ सुतली बम (जूट से बने बम) पाए जाने से विवाद खड़ा हो गया. एनआईए के शीर्ष अधिकारी ने कहा कि आतंक विरोधी जांच एजेंसी के पास काफी इनके खिलाफ इलेक्ट्रॉनिक कम्युनिकेशन इंटरसेप्ट और काफी सबूत हैं. हालांकि उन्होंने इन सबूतों का खुलासा नहीं किया. जबकि आतंकी मॉड्यूल के निशाने पर एनआईए का मुख्यालय भी है.

एनआईए अब तक उत्तर प्रदेश से आईएसआईएस से जुड़े 100 संदिग्धों को गिरफ्तार कर चुकी है. इस पर विवाद नहीं खड़ा किया जाना चाहिए. एनआईए के डीजी वाईसी मोदी ने कहा कि हमारे पास आरोपियों के खिलाफ पक्के सबूत हैं.

बड़े हमले की फिराक

एनआईए के सूत्रों ने इंडिया टुडे को बताया कि पकड़े गए 10 आरोपियों में से 4 बेहद खतरनाक युवा हैं जो आतंकी वारदात को अंजाम देने के लिए पूरी तरह से तैयार थे. इन चारों की पहचान अनस युनूस, मोहम्मद इरशाद और साकिब इफ्तेकार के अलावा हरकत-उल-हर्ब-ए-इस्लाम संगठन का कर्ताधर्ता मुफ्ती सोहैल काफिरों (इस्लामिक खुदा को नहीं मानने वाले) को मारने के लिए तैयार थे.

एनआईए अधिकारी का कहना है कि यह ग्रुप देश में खूनी खेल खेलने की फिराक में था, लेकिन इसे पकड़ लिया गया. यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है कि लोग केस से जुड़े हकीकत को जाने बगैर ही अनावश्यक की बातें कर रहे हैं.

भारी बारमदगी

जांच एजेंसी ने दो दिन पहले दिल्ली और उत्तर प्रदेश में 17 ठिकानों पर छापेमारी की जिसमें पांच लोग दिल्ली से और पांच लोग उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किए गए. जांच एजेंसी ने इस पूरी कार्रवाई को दिल्ली और यूपी पुलिस की मदद से अंजाम दिया था. एनआईए के आईजी और प्रवक्ता आलोक मित्तल ने बताया कि आरोपी सीरियल धमाकों की तैयारी करना चाहते थे. उनके निशाने पर कुछ खास जगह, भीड़भाड़ वाले इलाकों के अलावा कुछ राजनीतिक शख्स और अन्य लोग भी थे.

इस छापेमारी में बड़ी मात्रा में विस्फोटक, देसी लॉन्चर और हथियार बरामद हुए हैं. इसके अलावा 100 मोबाइल फोन, 135 सिम कार्ड और साढ़े सात लाख रुपये नकदी भी बरामदगी की गई थी. इनके पास बैटरी, सल्फर, पोटेशियम नाइट्रेट, पाइप्स, 150 राउंड गोलियां, 8 पिस्टल, शुगर पेस्ट और बम बनाने का अन्य सामान बरामद हुआ.

No comments:

Post a Comment